चुनार जंक्शन के यार्ड में लाइन का निरीक्षण करते रेल महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज नरेश
चुनार। रेल महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज नरेश पाल सिंह ने बुधवार को चोपन चुनार प्रखंड में 1423.96 करोड़ की लागत से हो रहे रेल लाइन के दोहरीकरण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। वह अपने विशेष निरीक्षण यान से चुनार जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर उतरे और जंक्शन का निरीक्षण शुरू किया। सर्व प्रथम महाप्रबंधक ने डीएफसीसी लाइन से गुजरने वाली गाडियों के गति बढ़ाए जाने की दृष्टि से ट्रैक का निरीक्षण किया। उन्हाेंने प्लेटफॉर्म नंबर एक से चार व पांच तक यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म नंबर एक पर स्थित गार्ड रनिंग रूम के पूरब तरफ से प्रस्तावित एक नए फुट ओवरब्रिज के परियोजना प्रस्ताव का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर में उपलब्ध यात्री सुविधाओं साफ-सफाई और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे अन्य कार्यों को देखा और उसकी प्रगति के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कायस्थ महासभा के कार्यकारी प्रदेश महामंत्री आरके श्रीवास्तव ने जंक्शन पर शौचालय व पेयजल की समस्या की जानकारी दी। इस पर महाप्रबंधक ने जंक्शन पर पेयजल व शौचालय की व्यवस्था कराने के बारे में महकमे के जिम्मेदार अधिकारी को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान रेल महाप्रबंधक के साथ प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे शरद चंद्रायन, प्रमुख मुख्य इंजीनियर जेके चौरसिया, मुख्य इंजीनियर निर्माण एसके गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल, जनसंपर्क अधिकारी प्रयागराज मंडल अमित सिंह, स्टेशन अधीक्षक मेजर सिन्हा, रेलवे सुरक्षा बल प्रभारी राजीव राणा, जीआरपी प्रभारी रमाशंकर यादव आदि मौजूद रहे।