कोटारनाथ में भोलेनाथ दर्शन के लिए कतारबद्ध श्रद्धालु।-संवाद।
हलिया। पौष त्रयोदशी (पूसी तेरस) पर बुधवार को कोटारनाथ शिव मंदिर में एक लाख शिव भक्तोें ने बाबा के दर्शन किए। जलाभिषेक और दर्शन के बाद लोगों ने मेले का भ्रमण करके आनंद उठाया। मेले में जिले के अलावा मध्य प्रदेश के सीधी, रीवां, सतना, सिंगरौली तथा पड़ोसी जनपद प्रयागराज, सोनभद्र, भदोही से हजारों भक्तों की जुटान हुई। दर्शन से पहले श्रद्धालुओं ने अदवा नदी में स्नान किया। इसके बाद माला-फूल और प्रसाद लेकर दर्शन के लिए कतारबद्ध हो गए। भोलेनाथ का भांग, धतूरा, विल्व पत्र, दूध और गंगाजल से अभिषेक किया। मंदिर में विराजमान माता पार्वती, भगवान गणेश, माता सरस्वती और हनुमान जी का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर बम-बम, हर-हर महादेव के उद्घोष से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। दर्शन-पूजन के साथ मंदिर परिसर में भक्तों ने अपने-अपने बच्चों का मुंडन संस्कार करवाया। दर्शनार्थियों ने भोलेनाथ के दर्शन के बाद मेले में लगी दुकानों से प्रसाद, शृंगार के सामान, बांस की टोकरी, लकड़ी की मथानी, मूसल आदि घर व गृहस्थी के सामानों की खरीददारी की। मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए वाहनों को मेले क्षेत्र के बाहर रोक दिया गया था। मंदिर के पुजारी सीताराम गिरी व जयराम गिरी ने बताया कि पौष त्रयोदशी तिथि पर एक लाख से अधिक भक्तों ने कोटारनाथ धाम पहुंचकर भोलेनाथ का दर्शन- पूजन किया।