ड्रमंडगंज। थाना क्षेत्र के रीवा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित दुर्जनीपुर ओवरब्रिज की रेलिंग पर बुधवार की रात बैठकर सवारी गाड़ी का इंतजार कर रही युवती अचानक असंतुलित होकर करीब 15 फीट नीचे गिर गई। इससे युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को सरकारी एंबुलेंस से इलाज के लिए सीएचसी लालगंज भेजवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने युवती को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के लहुरियादह गांव निवासी हीरालाल यादव की पुत्री सरस्वती देवी (26) अपनी बहन पार्वती के साथ ननिहाल गई थीं। वहां से बुधवार को अपने घर लौटते समय दुर्जनीपुर ओवरब्रिज की रेलिंग पर बैठकर सवारी गाड़ी का इंतजार करने लगीं। उसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वे रेलिंग से नीचे गिर गईं। गश्त पर निकले थानाध्यक्ष को जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि घायल युवती को इलाज के लिए सरकारी एम्बुलेंस से पहले सीएचसी लालगंज फिर वहां से मंडलीय अस्पताल भेज दिया गया।