घंटाघर में फलों से सजी दुकान।- संवाद।
मिर्जापुर। जाड़े के मौसम में फलों को देखकर दूर से ही लोगों को कंपकंपी छूट रही है। फलों के नाम से ही लोग नाक और मुंह सिकोड़ ले रहे हैं। ऐसे में मौसमी, केला, संतरा, कीवी, अनार के दाम पहले के मुकाबले काफी घट गए हैं। गर्मी के मुकाबले ठंड में इसकी आवक भी कम हो गई है। जिससे फलों का व्यापार प्रभावित हो रहा है।फल व्यापारी राजेश सोनकर का कहना है कि इन दिनों लोग ठंडे फल खाने से लोग परहेज कर रहे हैं। ठंड से पहले रोज जहां अच्छी बिक्री हो जाती थी, अब दिनभर में दुकानों पर गिनेचुने ग्राहक ही पहुंच रहे हैं। फल विक्रेता कयूम का कहना है कि संतरा 100 रुपये प्रति किलो था जो घटकर 60 रुपये किलो हो गया है। फल विक्रेताओं को उम्मीद है कि मौसम में सुधार होते ही बाजार में फिर रौनक लौटेगी। उधर नवीन मंडी निरीक्षक आकाश मिश्रा ने बताया सेब, अनार, नाशपाती जहां पहलेे प्रतिदिन सौ क्विंटल आवक होती थी वहीं जाड़े के मौसम में 10 क्विंटल भी नहीं आ रही है। गर्मी में मौसमी 3000 से 3500 रुपये बिकता रहा वहीं ठंड के दिनों में 2000 रुपये क्विंटल भी बिकना मुश्किल हो गया है। ठंड के दिनों में केले की मांग घटने से इसकी आवक कम हो गई है। मंडी में इन दिनों कच्चा केला 500 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है।
जाड़े के मौसम में हर साल फलों की मांग घट जाती है। बाजार में मांग न होने से इसकी आवक भी कम हो जाती है। जितना फल आता है दुकानदारों को उतना बेचकर लागत भी निकलना मुश्किल हो जाता है। उम्मीद है कि मौसम में सुधार होते ही फिर फलों की रौनक लौटेगी।-धीरेंद्र कुमार गुप्ता, सचिव, नवीन मंडी जंगीरोड।