मड़िहान। मिर्जापुर- सोनभद्र मार्ग पर तहसील से दो किलोमीटर दूर कस्तूरबा विद्यालय के पास सोमवार को भी आग शांत नहीं हुई। नायब तहसीलदार के नेतृत्व में आग बुझाने के लिए अग्निशमन दल व वनकर्मी लगे रहे। पेट्रोल पंप के पास पंप संचालक ने जेसीबी से जंगल साफ कराकर आग को भयावह होने से रोका।
सिरसी रेंज के गोपलपुर फार्म हाउस में आग लगने से फसल व वन विभाग की क्षति होना बताया गया। बंबू बाजार के लिए बांस उगाने के लिए क्षेत्र में पौध रोपण बड़े पैमाने पर किया गया है। आग से सड़क किनारे चार किलोमीटर क्षेत्र में जंगल जलकर नष्ट हो चुका है। बची है तो महज राख। राख उड़ने से सड़क पर चलना दुश्वार हो रहा है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मिर्जापुर-सोनभद्र के मुख्य मार्ग पर थोड़ी देर के लिए आवागमन रुक गया। चार घंटे बीत गए पर आग पूरी तरह बुझाई नहीं जा सकी। थकहार कर कर्मचारी अब रात होने का इंतजार कर रहे हैं। आग से वन क्षेत्र में पेड़ जलकर राख हो गए। प्रतिदिन आग पकड़ने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। इस संबंध में क्षेत्रीय वनाधिकारी सूर्यभूषण द्विवेदी ने बताया कि आग लगने से जंगल की क्षति हो रही है।