मिर्जापुर। परिषदीय विद्यालयों के परीक्षा के परिणाम अब ऑनलाइन होंगे। वार्षिक व अर्धवार्षिक परीक्षाओं के परिणाम प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। इससे बच्चों में हुई शैक्षिक प्रगति की जांच होगी।
स्कूल महानिदेशक कंचन वर्मा ने आदेश जारी कर जो भी निर्धारित परीक्षाएं हैं, उनके परिणाम पोर्टल पर अपलोड कराने का निर्देश दिया है। आदेश में उन्होंने कहा है कि इससे बच्चों की प्रगति की जानकारी तो मिलेगी ही, परिणाम में भी पारदर्शिता आएगी। कई बार ऐसी शिकायतें आती रही हैं कि बच्चों को प्रगति पत्र नहीं मिला या परीक्षा ली ही नहीं गई। इन शिकायतों को इस उपाय से रोका जा सकेगा। विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को भी परिणाम की पूरी जानकारी मिल सकेगी। शिक्षक भी उनमें से कमजोर विद्यार्थी की पहचान कर सकेंगे। शिक्षा विभाग भी ऐसे विद्यार्थियों को चिह्नित कर संबंधित विषय में उनकी कमजोरी दूर कर सकेगा। वर्तमान में जिले के 1806 परिषदीय विद्यालयों में 284000 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। बीएसए अनिल कुमार वर्मा का कहना है कि जो भी निर्देश हैं, उनका अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।