अहरौरा। पोखरा सहुवाइन स्थित मंदिर घाट पर मंगलवार को दोपहर में नहाते समय तालाब में गहरे पानी में जाने से डूबकर युवक की मौत हो गई। साथी डूबते हुए देख मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। गोताखोरों की मदद से दो घंटे बाद शव बरामद हुआ।
गाजीपुर जिले के मुहम्मदाबाद के गौसपुर निवासी पंकज यादव उर्फ बबलू यादव (24) चेन्नई में प्राइवेट नौकरी करते थे। उनके पिता परिवार के साथ अहरौरा के सत्यानगंज में किराए के मकान में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। कुछ दिनों पहले पंकज यादव पिता के पास चेन्नई से घर आया। मंगलवार को दोपहर में पट्टी खुर्द निवासी अपने मित्र के साथ पोखरा सहुवाइन नहाने गया। जहां गहरे पानी में जाने पर डूबने से उसकी मौत हो गई। मौके से उसका साथी फरार हो गया। आस-पास के लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चुनार के गोताखोरों राकेश साहनी व बचाऊ साहनी को बुलवाकर तलाश कराई। दो घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पंकज यादव के पिता मुन्ना यादव चार दशक से अहरौरा में ही किराए के मकान में रहते हैं। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि डूबने से पंकज यादव की मौत हुई है। गोताखोरों की मदद से शव बरामद हुआ है। हादसे की जांच कराई जा रही है।