चार से 15 घंटे की देरी से चल रही ट्रेनाें का परिचालन तीन दिन बाद भी दुरुस्त नहीं होने पर सोमवार की सुबह एवं शाम दोनों ही वक्त यात्रियाें ने मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर हंगामा मचाया।
आनंद विहार कोलकाता एक्सप्रेस के निरस्त होने से यात्रियों को फजीहत हुई। साथ ही प्लेटफार्म पर ठंडा पानी नहीं मिलने पर यात्रियाें ने काफी देर तक नारेबाजी की।
बता दें कि तीन दिन पूर्व गया रूट पर गैंगमैन के कट जाने तथा मालगाड़ी के 23 डिब्बों के पटरी से उतर जाने के कारण गया रूट पर चलने वाली ट्रेनाें को पटना समेत अन्य रूट से भेजा रहा है। इससे राजधानी समेत कई सुपरफास्ट एवं एक्सप्रेस ट्रेनें चार से 15 घंटे की देरी से चल रही हैं।
नाराज यात्रियाें ने कहा कि पिछले तीन दिनाें से ट्रेनें चार से 15 घंटे की देरी से चल रही हैं। इससे उनको ट्रेन पकड़ने में परेशानी हो रही है। लेट हो रही ट्रेनाें के लोकेशन रेल कर्मियाें द्वारा नहीं बताए जाने पर वह घंटाें रेलवे स्टेशन पर आकर बैठने को मजबूर हैं।
यहीं नहीं लोकेशन पूछने पर रेल कर्मचारी नोकझोंक कर ले रहे हैं। तीनाें प्लेटफार्माें पर ठंडा पानी भी नहीं मिल रहा। इससे उनको गर्म पानी पीना पड़ रहा है।
कहा कि रेल कर्मियाें द्वारा घोर लापरवाही बरतते हुए मनमाने तरीके से कार्य किया जा रहा है। जिस पर उच्चाधिकारी ध्यान देने की बजाय उनकी गलतियाें पर पर्दा डालने का प्रयास कर रहे हैं।
प्लेटफार्म पर मौजूद देव कुमार, विजय कुमार, कमलेश, शिव कुमार, आनंद सिंह, शीतला आदि ने कहा कि यहीं स्थिति रही तो यात्री एक बूंद पानी के लिए परेशान रहेंगे। यात्रियों ने कहा कि किसी भी प्लेटफार्म पर शुलभ शौचालय या बाथरूम की व्यवस्था नहीं है जबकि कागजाें पर एक एवं दो नंबर पर शौचालय एवं बाथरूम होना दिखाया जा रहा है।
बाथरूम एवं शौचालय की सुविधा नहीं होने पर महिला यात्रियाें को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताते चलें कि नई दिल्ली गया राजधानी एवं नई दिल्ली हावड़ा राजधानी आठ घंटे, कालका, मुंबई मेल, जोधपुर हावड़ा, चंबल, क्षिप्रा एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें चार से 15 घंटे की देरी से चल रही थीं।