किसान सम्मान निधि का लाभ मृतक भी ले रहे हैं। यह स्थिति तब है जबकि तहसील क्षेत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों का सत्यापन उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार की देखरेख में किया जा रहा है। सत्यापन में 1117 लाभार्थी मृत पाए गए हैं। इनके अलावा 4443 किसान सत्यापन में भूमिहीन मिले हैं।
लालगंज तहसील क्षेत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 58007 लाभार्थी हैं। इन लाभार्थियों का सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन भू राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर किया जा रहा है। इसके तहत 42431 पात्र लाभार्थी और 4446 किसान भूमिहीन के रूप में सत्यापित किए गए हैं। सत्यापन में यह तथ्य भी सामने आया है कि किसान सम्मान निधि योजना का लाभ अपात्र भी ले चुके हैं। सत्यापन में वास्तविक तस्वीर सामने आ रही है।
कंप्यूटर में फीडिंग के दौरान मानवीय चूक से 453 लोगों को दोहरा लाभ मिल गया है। दोहरा लाभ लेने वालों की गड़बड़ी दूर कर ली जाएगी। उधर, अधिकारियों की जांच में 1010 लाभार्थी अपात्र मिले हैं। उपजिलाधिकारी विजय नारायण सिंह गांव में कैंप करके सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। इसी प्रकार तहसीलदार शशांक शेखर राय लेखपालों की टीम के साथ भू राजस्व के आधार पर लाभार्थियों का सत्पापन कर रहे हैं।
उपजिलाधिकारी विजय नारायण सिंह ने बताया कि सत्यापन कार्य तेजी से किया जा रहा है। जल्द ही सत्यापन कार्य पूरा कर लिया जाएगा। तहसीलदार व नायब तहसीलदार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों की सूची के आधार पर लेखपालों के साथ सत्पापन कर रहे हैं।