मिर्जापुर/पड़री। पहाड़ी ब्लॉक के हिनौती डगमगपुर में 1076 करोड़ रुपये से देश का सबसे बड़ा इंडियन ऑयल टर्मिनल बनेगा। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से इसका वर्चुअल शिलान्यास किया। 15 जपनदों को यहां से होगी तेल की आपूर्ति हो सकेगी तो क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। शिलान्यास से पहले केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने यहां आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा हिनौती में बनने वाला ऑयल टर्मिनल प्रयागराज और चंदौली से अधिक क्षमता वाला होगा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में 50 हजार किलोलीटर और चंदौली में 98 हजार किलोलीटर क्षमता का आयल टर्मिनल है। हिनौती में एक लाख, 39 हजार 290 किलोलीटर क्षमता का ऑयल टर्मिनल बनेगा। यह देश का सबसे बड़ा ऑयल टर्मिनल होगा। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा वर्ष 2026 तक इसका निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इस टर्मिनल से 15 जिलों में तेल की आपूर्ति की होगी। यहां प्रतिदिन 500 से अधिक टैंकर भरे जा सकेंगे। नगर विधायक पं रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक डॉ. बिनोद कुमार बिंद, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, पहाड़ी ब्लाक प्रमुख इंद्रबहादुर पांडेय ने कार्यक्रम को संबोधित किया। इस मौके पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, सीडीओ विशाल कुमार, एडीएम वित्त राजस्व शिव प्रताप शुक्ला, एसडीएम सदर आशाराम वर्मा भाजपा मंडल अध्यक्ष सिटी उत्तरी सुजीत कुमार सिंह मौजूद रहे।