हलिया। स्थानीय विकास खंड के सहकारी समितियों पर डीएपी खाद नही मिलने से किसानों की बुआई प्रभावित हो रही है। डीएपी के लिए भटवारी दिघिया में बुधवार को ताला बंद देख प्रदर्शन कर किसानों ने विरोध जताया। रबी की बुवाई को देखते हुए डीएपी के लिए सहकारी समितियों का चक्कर लगा रहे किसानों का आरोप है कि जहां अधिकारी समितियों पर उर्वरक मौजूद होने का दावा कर रहे हैं वहीं क्षेत्र के किसान प्राईवेट दुकानों से महंगे दामों पर उर्वरक खरीदने को विवश हैं। प्रदर्शन करने वालों में संतोष, योगेश शर्मा, धर्मराज, शुभा देवी, सुबराजी देवी, बिहारी आदि किसान मौजूद रहे। भटवारी दिघिया सहकारी समिति कार्यवाहक सचिव रमाकांत मौर्य ने बताया डीएपी खाद आ चुकी है। बुधवार को सार्वजनिक अवकाश के कारण समिति बंद थी। वृहस्पतिवार से किसानों को खाद का वितरण किया जाएगा।