मिर्जापुर। बारिश के मौसम में नगर के गोसाई तालाब के आंशिक मोहल्ला जलालपुर की दलितबस्ती में कई लोगों के घर की छत, सिर पर मौत बनकर लटक रही है। दिवारों में बड़ी-बड़ी दरार आ गई है। आलम यह है भवन किसी भी समय भरभराकर गिरकर किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
दलितो के उक्त समस्या को लेकर विश्व हिंदू महासंघ के जिला संयोजक व विश्व हिंदू जागरण परिषद के जिलाध्यक्ष रंजीत यदुवंश ने बुधवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर उक्त जर्जर भवन की मरम्मत कराए जाने की मांग की है। जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में महासंघ के जिला संयोजक ने कहा कि वार्ड संख्या-16, गोसाई तालाब के आंशिक मोहल्ला में वर्ष 2010 में डूडा के माध्यम से दलितों को आवास आवंटित हुआ था। उस दौर में घटिया निर्माण के चलते महज दस वर्षों में ही भवन जर्जर हो गया है। भवन की छत जहां फट गई है वहीं भवन की दिवारों में बड़ी-बड़ी दरार आ गई है। जिससे बरसात के मौसम में किसी भी समय दुुर्घटना होने की संभावना बनी हुई है। उन्होंने मामले को संज्ञान में लेते हुए अविलंब जर्जर भवन के मरम्मत कराए जाने की मांग की है।