चुनार। बालूघाट स्थित पक्का पुल से शनिवार की सुबह गंगा में छलांग लगाने वाली किशोरी का शव 13 घंटे बाद रविवार की सुबह साढ़े नौ बजे गोताखोरों को मिला। पक्का पुल के मध्य पिलर के पास शव उतराया हुआ था। किशोरी की शिनाख्त सरोजी (17) पुत्री मोहम्मद अली निवासी दरगाह शरीफ चुनार के रूप में हुई। वह कक्षा आठ की छात्रा थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गंगा में किशोरी के शव मिलने की खबर पर युवती के परिवार के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। चाचा अख्तर अली ने अपनी भतीजी के रूप में किशोरी की शिनाख्त की। पुलिस को बताया कि शनिवार को लगभग साढ़े नौ बजे वह घर गृहस्थी का कुछ सामान लेने मुहल्ले में ही गई थी। उसने गंगा में छलांग लगाने जैसा कदम क्यों और कैसे उठाया, नहीं मालूम। बताया कि शनिवार को देर शाम तक खोजबीन करने के बाद उसके लापता होने की तहरीर पुलिस को दी गई थी जिसके आधार पर शव मिलने के बाद शिनाख्त के लिए पुलिस द्वारा सूचना देकर बुलाया गया। पिता मजदूरी का काम करते हैं। किशोरी कक्षा आठ की छात्रा थी और चार बहन व एक भाई में तीसरे नंबर की थी। कोतवाल गोपालजी गुप्ता ने बताया कि पुलिस मामले में अग्रेतर कार्यवाही करने में जुटी हुई है।