मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के खुटहा मौनस गांव में मंगलवार को रात करीब साढ़े 10 बजे कुएं के जगत पर सोते समय किसान पप्पू सिंह (43) कुएं में गिर गए। परिजनों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुएं में जहरीली गैस होने के कारण लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब पांच घंटे बाद पप्पू का शव कुएं से बाहर निकाला गया।
गांव निवासी पप्पू सिंह (43) मंगलवार की रात खाना खाकर घर के पास कुएं के जगह पर सोए हुए थे। रात करीब साढ़े 10 बजे उठे तो लड़खड़ा कर कुएं में गिर गए। कुएं में पानी था, परंतु उपयोग नहीं हो रहा है। शोर मचने पर परिजन मौके पर पहुंचे। रस्सी आदि डालकर निकालने का प्रयास करने के साथ पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। एक युवक को रस्सी के सहारे नीचे उतारा जा रहा था, इसी बीच उसका दम घुटने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कुएं में गैस होने के कारण कटिया फेंककर पांच घंटे की मशक्कत के बाद बुधवार को भोर में करीब तीन बजे शव को बाहर निकाला। शव बाहर आते ही परिवार में कोहराम मच गया। पप्पू दो भाइयों में छोटे थे। देहात कोतवाल अजय सेठ ने बताया कि कुएं में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पांच घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।