चील्ह। औराई मार्ग स्थित शास्त्री पुल पर ओवरलोड ट्रकों का संचालन नहीं रुक रहा है। अभी पुल का पाथवे क्षतिग्रस्त होने के कारण कई दिन वाहनों का आवागमन रोकना पड़ा था। मरम्मत के बाद पुल से बड़े वाहनों का आवागमन कुछ दिन पहले शुरू ही किया गया है कि बुधवार को शास्त्री पुल के पहले पुराने बाड़ा के पास लगा बैरियर ओवरलोड ट्रक टकरा जाने से टूट गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद टूटे बैरियर को किनारे कराया गया।
शास्त्री पुल के दोनों तरफ ओवरलोड वाहनाें को रोकने के लिए बैरियर लगाए गए हैं। चील्ह की ओर पुराने बाड़ा के पास नगर में प्रवेश करने वाले बोर्ड के पास ही बैरियर लगाया गया है। बुधवार को सुबह ओवरलोड ट्रक औराई की ओर से आया और बैरियर में टकरा गया। टक्कर मारने के बाद चालक भागने लगा। सिपाही ने रोकने की कोशिश की। इस दौरान सिपाही भी वाहन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। हालांकि पुलिस ने आगे जाकर ट्रक को रोककर कब्जे में ले लिया। इस हादसे में बैरियर के अलावा साइन बोर्ड आदि टूट गए। पुलिस ने बोर्ड और बैरियर को किनारे कराकर आवागमन शुरू कराया। ट्रक को थाने में खड़ा कराया गया। कुछ समय पहले ओवरलोड ट्रक चढ़ जाने से शास्त्री पुल का पाथवे क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद पुल से बड़े वाहनों का आवागमन कई दिन रोका गया था। इसके बावजूद पुल पर ओवरलोड ट्रकों का आवागमन नहीं रुक रहा है। चील्ह थानाध्यक्ष रीता यादव ने बताया कि बुधवार को सुबह चार बजे ट्रक ने बैरियर तोड़ दिया। ट्रक को थाने में खड़ा कराया गया है।