- पुलिया निर्माण से 25 किलोमीटर अतिरिक्त चक्कर लगाने को मजबूर होंगे ग्रामीण व किसान
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। उत्तर मध्य रेलवे ने अकोढ़ी गांव स्थित रेलवे पुलिया के अधूरे निर्माण कार्य को पूरा कराने के लिए अगले दो दिनों तक मार्ग बंद रखने का निर्णय लिया है। इसके लिए पुलिया पर सूचना संबंधी बैनर टांग दिया गया है। मार्ग बंद होने से क्षेत्र के 15 से ज्यादा गांवों के 50 हजार लोगों का आवागमन प्रभावित रहेगा। शहर आने-जाने वाले लोगों को अब 25 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करना पड़ेगी।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया निर्माण से उन्हें आपत्ति नहीं है, लेकिन यदि दो दिनों से अधिक समय तक मार्ग बंद रहा तो क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। किसानों, छात्रों, व्यापारियों और मरीजों के लिए यही सबसे सुगम और नजदीकी मार्ग है। मार्ग बंद होने पर लोगों को लंबा चक्कर लगाकर मिर्जापुर शहर पहुंचना पड़ेगा। गांव के रवि सिंह, पप्पू तेलऊरा, रिंकू सिंह, संतोष तिवारी, जयशंकर मिश्र, संदीप शुक्ला और पंकज दूबे समेत अन्य लोगों ने बताया कि इस समय धान की खेती का सीजन चल रहा है।
हजारों एकड़ में खेती करने वाले किसानों को खाद, बीज और कृषि उपकरण लाने-ले जाने में कठिनाई होगी। साथ ही दैनिक आवागमन करने वाले लोगों की भी समस्याएं बढ़ जाएंगी। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से मांग की है कि रेलवे निर्माण कार्य निर्धारित दो दिनों के भीतर ही पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को अधिक दिनों तक असुविधा का सामना न करना पड़े।
इन गांवों का रहेगा संपर्क प्रभावित
अकोढ़ी, बबुरा, तिलई मौआर, अधवार, ऊंचड़ीह, सुपंथा, थानीपट्टी, परवा, दट्टीपट्टी, जोपा, भैदपुर, निफरा, बभानी, नदिनी, कुरौठी और नौगांव सहित आसपास के गांवों के लोगों का इस मार्ग से आवागमन प्रभावित रहेगा