नगर के सत्ती रोड स्थित श्री गोवर्धन नाथ जी के मंदिर में गुरुवार को सांय श्री अन्नकूट का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे मंदिर परिसर के कमल चौक में विधि-विधान से गोवर्धन पूजन किया गया।
इस अवसर पर भक्तों के बीच उपरना बांटकर ग्वाल भाव प्रदर्शित किया गया। गोवर्धनजी का परिक्रमा करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा, वहीं सांयकाल छह बजे श्री गोवर्धन नाथ जी के अन्नकूट का दर्शन कर श्रद्धालु निहाल हो उठे।
नगर के सत्ती रोड स्थित मंदिर में सांयकाल छह बजे से श्री गोवर्द्घन नाथ जी के श्री अन्नकूट का दर्शन शुरू हुआ, जो रात्रि दस बजे तक अनवरत चलता रहा।
मंदिर की तरह-तरह के फूल-पत्तियों, व झालरों से की गई भव्य सजावट एक अलौकिक छटा बिखेर रही थी। मंदिर में श्री अन्नकूट का दर्शन करने के लिए दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा।
श्री गोवर्द्घन नाथ जी के जयकारे से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो रहा था, वहीं मंदिर में उमड़ी दर्शनार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा-व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे।
इस अवसर पर शयन आरती के उपरांत उपस्थित भक्तजनों के बीच कच्ची रसोई का वितरण किया गया, वहीं पूरे दर्शन काल के दौरान भक्तों के बीच प्रसाद का भी वितरण चलता रहा।
बेटी जी मंदिर ट्रस्ट की ओर से आयोजित श्री अन्नकूट कार्यक्रम के दौरान नर एवं नारियों का रेला लगा रहा।
व्यवस्था में प्रेम रतन राठी, राजकुमार खेतान, अनुज अग्रवाल, पुरुषोत्तम दास, राजेश अग्रवाल, पार्वती बिहानी, विजय लक्ष्मी उर्फ बड़की भक्तों की सेवा में जुटे रहे।
बेटी जी मंदिर ट्रस्ट के व्यवस्थापक दीनानाथ तिवारी ने बताया कि मंदिर की पूरी व्यवस्था मंदिर ट्रस्ट करता है, ट्रस्ट के माध्यम से ठाकुर सेवा के अलावा समाज सेवा भी की जाती है।