जन समस्याओं के निस्तारण के लिए मंगलवार को सभी तहसील मुख्यालयों पर तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान आए 400 प्रार्थना पत्रों में से मात्र 34 का निस्तारण ही किया जा सका।
विंध्याचल मंडल के आयुक्त अनिल कुमार और जिलाधिकारी ने जन समस्याओं को सुन कर उनका हल किया। मंडलायुक्त ने सभी तहसीलदारों को आवंटियों को आवंटित भूमि का पट्टा देने से पूर्व दखलनामा प्राप्त करने का निर्देश दिया। साथ ही नगर क्षेत्र में चिह्नांकित कर अवैध अतिक्रमण हटवाने और जमीनों पर वाहन स्टैंड बनाने को कहा।
तहसील दिवस में सबसे अधिक मामले बिजली, सिंचाई, पेयजल, राजस्व व पुलिस से संबंधित आए।
मंडलायुक्त अनिल कुमार व जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह ने सदर और मड़िहान तहसील में आयोजित तहसील दिवस में आए 212 प्रार्थना पत्रों मे से महज छह का निस्तारण मौके पर किया गया। शेष 206 प्रार्थनापत्रों को संबंधित अधिकारियों को साैंपते हुए एक सप्ताह में निस्तारित करने का आदेश दिया।
लापरवाही बरतने वाले के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी। अधिकारी द्वय ने कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। तहसील दिवस, समाधान दिवस, मंत्रीगण व प्रमुख सचिव के द्वारा प्राप्त प्रार्थना पत्रों का रजिस्टर बनाने और पुलिस विभाग को गांव में जाकर दोनों पक्षों को बुला कर मौके का मुआयना कर मामले का निस्तारण करने का निर्देश दिया। इस दौरान सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व डीएस उपाध्याय ने लालगंज तहसील में समस्याओं का निस्तारण किया। जिसमें विभिन्न समस्याओं से संबंधित 64 प्रार्थना पत्रों में से दो का मौके पर निस्तारण हुआ। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया। इस अवसर पर एसडीएम जीसी राम सहित तहसील व
ब्लाक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। मड़िहान तहसील में सीआरओ बंशबहादुर ने जन समस्याएं सुनीं। इस दौरान आए 41 प्रार्थना पत्रों में से एक का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को निस्तारण के लिए अधिकारियों को दे दिया गया। उप जिलाधिकारी डा.विश्राम ने चुनार तहसील में आयोजित तहसील दिवस में जन समस्याओं को सुना। इस दौरान आए 85 प्रार्थना पत्रों मे से महज 25 का निस्तारण मौके पर किया गया।