पट्टे की जमीन पर दूसरे का नाम दर्ज होने से नाराज बभनी तपनवां के ग्रामीणों ने मंगलवार को तहसील परिसर में धरना दिया।
विधायक ललितेशपति त्रिपाठी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पट्टे की भूमि पर दर्ज नाम हटाने की मांग करते हुए उप जिलाधिकारी को पत्र सौंपा।
बाद में एसडीएम द्वारा कार्रवाई करने का आश्वासन देने पर उन्होंने धरना समाप्त कर दिया। धरना दे रहे ग्रामीणों ने बताया कि तहसील द्वारा वर्ष 2008 में ग्राम सभा की बंजर भूमि पर 103 ग्रामीणों को आवासीय पट्टा दिया गया था। जिस पर वे काबिज भी हो गए हैं।
इस बीच वर्ष 2014 में कोर्ट के आदेशानुसार उक्त भूमि गांव की अनिता पुत्री मोतीलाल तथा रामनरेश व शिवनरेश पुत्रगण लालमनि का नाम दर्ज कर दिया गया है। ग्रामीणों ने विधायक को मामले से अवगत कराया। धरना देने वालों में दुलरा देवी, सीमा, लालती, जीरा, मधुरी, भगना, केवला, बिन्दु मौजूद रहीं।