ड्रमंडगंज। एक माह पूर्व हलिया थाना क्षेत्र के एक गांव से लापता एक किशोरी को ड्रमंडगंज पुलिस ने रविवार की शाम कठारी पुल के पास से बरामद कर लिया । बरामद किशोरी को पुलिस ने सोमवार को महिला पुलिस के साथ न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया है । न्यायालय में किशोरी के बयान व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी । ड्रमंडगंज चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासिनी एक किशोरी के पिता ने गत 18 जुलाई 2020 को हलिया थाने में तहरीर देकर अज्ञात के विरुद्ध उसकी 16 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला दर्ज कराया था । मामला दर्ज होने के बाद से ही पुलिस किशोरी की तलाश में लगी थी । चौकी प्रभारी ड्रमंडगंज योगेन्द्र पांडेय ने बताया कि रविवार की शाम उन्हें सूचना मिली कि गायब किशोरी कठारी पुल के पास मौजूद है । उसके बाद पुलिस ने तत्काल वहां पहुंचकर महिला पुलिस के सानिध्य में किशोरी को बरामद कर लिया । चौकी प्रभारी ने बताया कि किशोरी द्वारा न्यायालय में दिए गए बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी ।