अदलहाट थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्ति नगर राजमार्ग पर स्थित पथरौरा मील के पास मंगलवार को ट्रैक्टर के धक्के से एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से ईंट लदे ट्रैक्टर को थाने में खड़ा कराया। चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
अहरौरा थाना क्षेत्र के नगर पालिका अहरौरा स्थित चौक बाजार निवासी रमेश केशरी का इकलौता पुत्र हिमांशु उर्फ राज (17) जो जय हिंद इंटर कालेज अहरौरा मे 11वीं का छात्र था। वह मंगलवार की सुबह अदलहाट बाजार गया था। वह घर आने के लिए अदलहाट के पथरौरा मील पर किसी वाहन का इंतजार कर रहा था। नरायनपुर की तरफ से अहरौरा की ओर आ रहे अनियंत्रिर्त इंट लदे ट्रैक्टर ने उसे पीछे से धक्का मार दिया। जिससे किशोर गंभीर रुप से घायल हो गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे 108 नंबर एंबुलेंस से ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। छात्र के मौत की सूचना मिलते ही मोहल्ले मे शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की मां बेसुध है। मृतक के चाचा राजेश कुमार केशरी ने मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दिया।