ददरी बांध पर हादसे में मृत रुकसाना उर्फ सना कुमारी। स्स्रोत- परिवार
हलिया। शादी से लौटते समय सोमवार की रात ददरी बांध पर ओवरलोड वाहनों को रोकने के लिए लगे गाटर में सिर टकराने से पिकअप सवार रुकसाना उर्फ सना कुमारी (16) की मौत हो गई। वह पिकअप में खड़े होकर बांध का नजारा देखने लगी। किशोरी का सिर गाटर में टकरा गया। किशोरी को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के कुशियरा गांव निवासी कुछ लोग सोनभद्र के मुर्तिहा कला गांव में रिश्तेदार बुटुन्नी के यहां शादी समारोह में गए थे। शादी के बाद सभी लोग पिकअप से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही पिकअप ददरी बांध के पास पहुंची। उसी दौरान पिकअप में पीछे खड़ी रुकसाना बांध का नजारा देखने लगी। तभी बांध की सड़क के ऊपर ओवरलोड वाहन रोकने के लिए लगे गाटर की चपेट में आ गई। सिर में गंभीर चोट लग गई। अचानक हुए हादसे से वाहन में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। परिजन तत्काल किशोरी को लेकर पीएचसी हलिया पहुंचे। जहां डॉक्टर आलोक कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिए। परिजन उसे लेकर मिर्जापुर जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसकी स्थिति और बिगड़ने पर सीएचसी लालगंज ले गए। जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत परिवार में कोहराम मच गया। मौत की सूचना पर पिता जगबली और माता बूटी का रो-रोकर हाल बेहाल है। परिवार वालों ने दाह संस्कार कर दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष श्यामलाल ने बताया कि किशोरी की मौत के बाद परिजनों ने दाह संस्कार कर दिया।