चुनार/राजगढ़। चुनार कोतवाली क्षेत्र के सक्तेशगढ़ स्थित सिद्धनाथ की दरी पर गुरुवार की शाम वाराणसी से घूमने आए किशोर की सेल्फी लेने के चक्कर में कुंड में गिरकर मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने किशोर के शव को कुंड से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वाराणसी के फूलपुर क्षेत्र के घाघरी गांव निवासी रविंद्र कुमार पटेल का पुत्र प्रिंस पटेल (14) गुरुवार को दोपहर अपने चाचा वीरेंद्र पटेल व पास पड़ोस के आठ-दस दोस्तों के साथ सक्तेशगढ़ आश्रम आया था। दर्शन के बाद सभी सिद्धनाथ दरी पहुंचे। जहां घूमते समय पत्थरों पर लगी काई के चलते प्रिंस का पैर फिसल गया और वह नीचे बने जल कुंड में गिर गया। किशोर के कुंड में गिरते ही साथ गए लोगों में चीख-पुकार मच गई। दरी पर मौजूद सैलानियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी होते ही नायब तहसीलदार नटवर सिंह, कोतवाल राजीव कुमार मिश्रा व चौकी इंचार्ज सक्तेशगढ़ अजीत श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। पुलिस व दरी पर आए सैलानियों ने तत्काल कुंड में उतरकर खोजबीन शुरू किया। लगभग एक घंटे बाद किशोर का शव कुंड से बाहर निकाला गया। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।