मिर्जापुर। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने बृहस्पतिवार को बीएसए कार्यालय पर धरना दिया। प्रदर्शन में शामिल शिक्षकों ने चेतावनी दी कि अब वे आश्वासन से नहीं, बल्कि आंदोलन कर अपना हक लेंगे। प्रदर्शनकारियों ने बीएसए को 22 सूत्री मांगपत्र भी दिया।
पूर्व प्रधानाचार्य राजेंद्र तिवारी ने कहा कि शिक्षकों के संघर्ष के आगे सरकार को झुकना पड़ेगा और पुरानी पेंशन योजना बहाल करनी होगी। संघर्ष समिति के संयोजक राजनाथ तिवारी ने कहा कि सरकार और विभागीय अधिकारी शिक्षकों की समस्याओं को कम तवज्जो दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अब शिक्षक आश्वासन से नहीं बल्कि आंदोलन की राह पर चलकर ही मांगें पूरी कराएंगे। जिला सह संयोजक सत्यव्रत सिंह ने मांग पत्र के सभी 22 बिंदुओं से शिक्षकों को अवगत कराया और आंदोलन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मनोज शुक्ला ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की। अनुदेशक संघ के अध्यक्ष प्रदीप ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। धरने में प्रदीप तिवारी, शिवाकांत दीक्षित, जितेंद्र सिंह, सूर्यकेश आनंद, अनिल प्रकाश द्विवेदी, गीता सिंह, रीना राय, सरिता राय, मंजू चौधरी, राकेश मौर्य, राघवेंद्र शुक्ला, अतुल श्रीवास्तव, सत्यप्रकाश दुबे आदि शामिल थे।