चील्ह। थाना क्षेत्र के चेतगंज बाजार के पास बृहस्पतिवार को दोपहर में कार ने पैदल जा रहे युवक को टक्कर मार दिया। इस हादसे में युवक घायल हो गया। कार सवार मौका पाकर फरार हो गया। परिजन घायल को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल स्थित ट्रामा सेंटर लेकर गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के अनुरुद्धपुर पूरब पट्टी गांव निवासी गुलाब धर (35) पुत्र छोटई चेतगंज बाजार से पैदल अपने घर जा रहे थे। वे पखवैया मोड़ के पास पहुंच थे कि गोपीगंज की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दिया। इस हादसे में गुलाब गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन घायल को इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल परिसर स्थित ट्रामा सेंटर लेकर गए। जहां इलाज के दौरान दो घंटे बाद उनकी मौत हो गई। गुलाब मुंबई में ऑटो चलाते थे। बड़े भाई की लड़की की शादी में शामिल होने घर आए थे। गुलाब के भाई राजधर की तहरीर पर चील्ह पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष समर बहादुर ने बताया कि कार की टक्कर से युवक की मौत हो गई। मुकदमा दर्ज कर वाहन चालक की तलाश की जा रही है।