मिर्जापुर। जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और 69 हजार शिक्षक भर्ती में घोटाले का प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया। इस संबंध में राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्री मांगपत्र जिलाधिकारी को सौंप कार्रवाई की मांग की गई।
इस अवसर पर पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवकुमार सिंह पटेल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार घोटालों की खबर आ रही है। हाल में ही हुई 69 हजार शिक्षक भर्ती और पशुपालन विभाग में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार सामने आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस भ्रष्टाचार में कई सारे भाजपा नेताओं का नाम सामने आया है। मंत्रियों के प्रतिनिधियों के नाम सामने आए हैं। सरकार उनको बचाने का प्रयास कर रही है। मांग की कि इस पूरे प्रकरण की जांच उच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश से कराया जाए। पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने कहा कि सभी घोटालों की जांच कराकर दोषियों को कठोर दंड दिया जाए। इस अवसर पर राजधर दुबे, छोटे खान, विधि सिंह, गुलाब चंद्र पांडेय, संजय जायसवाल, अशोक गुप्ता, इश्तियाक अंसारी, अतहर अली, इरशाद अली आदि थे।