मिर्जापुर। आयुक्त विन्ध्याचल मंडल प्रीति शुक्ला ने सोमवार को मंडलीय अधिकारियों के साथ वर्चुअल मीटिंग कर 37 बिंदुओं पर शासन की विकास प्राथमिकता में शामिल कार्यक्रमों की समीक्षा की। भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की समीक्षा करते हुये कहा कि अवैध खनन/ अवैध परिवहन के मामलों में संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर प्रभावी कार्रवाई की जाय।
कानून व्यवस्था पर कहा कि एफआईआर दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की जाये। जनपद सोनभद्र में सेतुनिगम के मात्र 48 प्रतिशत प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। निराश्रित गोवंशों का संरक्षण एवं पशुओं के टीकाकरण पर बल दिया। सोनभद्र में इयर टैगिंग कम होने पर मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि वे स्वयं रुचि लेकर प्रगति बढ़ायें। जनपद भदोही में पैक्सफेड के द्वारा पालीक्लीनिक निर्माण की धीमी प्रगति पर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। कहा कि अगले माह प्रगति न होने पर कार्रवाई के लिए संस्तुति की जायेगी। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान भारत, दवाओं की उपलब्धता, जननी सुरक्षा योजना, कोरोना वैक्सीन स्टोरेज पर हो रहे कार्यों पर प्रगति, कोरोना के रोकथाम पर प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिये। अमृत योजना में आयुक्त ने जिलाधिकारी से कहा कि अपने स्तर पर भी समीक्षा कर प्रगति लायें। इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास शहरी शहरी में तीनों जिलों में अपेक्षित प्रगति न आने पर आवास पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
50 लाख से अधिक के निर्माण कार्य की समीक्षा हुई
मिर्जापुर। आयुक्त ने 50 लाख से ऊपर के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। बैठक में लघु सिंचाई, कृषि, सिंचाई, ऊर्जा, पंचायती राज, सामुदायिक शौचालयों का निर्माण, नगर विकास, स्वच्छ भारत मिशन, ग्राम्य विकास, पेंशन, मत्स्य, उद्यान, समाज कल्याण, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक शिक्षा, छात्रों का ड्रेस वितरण, व्यावसायिक शिक्षा, उद्योग सहित अन्य सभी विभागों की प्रगति की समीक्षा की गयी। वर्चुअल मीटिंग में आईजी विन्ध्याचल परिक्षेत्र पीयूष श्रीवास्तव, जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल, सोनभद्र डीएम एस राजलिंगम, भदोही राजेंद्र प्रसाद, एसपी मिर्जापुर अजय कुमार सिंह एवं भदोही, सोनभद्र के एसपी शामिल रहे।
भदोही के अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण
मिर्जापुर। आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग के भदोही जिले में सड़कों की मरम्मत व नव निर्माण में कम प्रगति होने पर अधिशासी अभियंता भदोही से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश संयुक्त विकास आयुक्त को दिया। उन्होंने अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देशित करते हुये कहा कि लंबित सड़कें मार्च के अन्त तक किसी भी दशा में पूर्ण करायें।