आकांक्षात्मक विकास खंडों की प्रगति की समीक्षा
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मिर्जापुर। विशेष सचिव, सिंचाई एवं जल संसाधन श्याम बहादुर सिंह ने सोमवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के आकांक्षात्मक विकास खण्डों में संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने राजगढ़ के चिकित्सा अधिकारी डाॅ संतलाल के कार्यों में लापरवाही व अपूर्णता पाए जाने पर उनके खिलाफ जिलाधिकारी को कार्रवाई का निर्देश दिया। कहा कि यह सभी कार्य पूरे होने चाहिए ।यदि मंगलवार को निरीक्षण में यह कार्य पूरे नहीं मिले तो कार्रवाई होगी।
जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी ने बताया कि जिले में हलिया, पटेहरा, नगर, राजगढ़ एवं पहाड़ी आकांक्षात्मक विकास खण्डों में शामिल हैं। इस पर विशेष सचिव द्वारा विकास खण्ड राजगढ़ के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई।प्रभारी चिकित्साधिकारी राजगढ़ डॉ. संतलाल द्वारा सही से जानकारी न दिए जाने एवं स्वास्थ्य विभाग के कई इंडीकेटर्स में प्रगति खराब होने पर विशेष सचिव ने जिलाधिकारी को इनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभागवार योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।विशेष सचिव ने कहा कि आकांक्षात्मक विकास खण्डों में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास के विभिन्न मानकों में अपेक्षित सुधार लाते हुए इन क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से और अधिक मजबूती से जोड़ा जा सके। बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, मूलभूत अवस्थापना, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित सूचकांकों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। विशेष सचिव ने कहा कि आकांक्षात्मक विकास खण्डों में विकास कार्यों की प्रगति को नियमित रूप से अनुश्रवण करते हुए जिन बिंदुओं पर अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, उन पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने विशेष सचिव को जनपद में आकांक्षात्मक विकास खण्डों में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति के बारे में बिंदुवार विस्तृत जानकारी दी।बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए धर्मजीत सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी बाबू लाल, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं आकांक्षात्मक विकास खण्डों से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।