फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mirzapur News: बिजली की मांग बढ़ने से चरमराई व्यवस्था, 10 घंटे तक हो रही कटौती

विज्ञापन
विज्ञापन
मिर्जापुर। भीषण गर्मी में बिजली की मांग बढ़ने से व्यवस्था चरमराने लगी है। जिले में सौ एमवीए से ज्यादा खपत बढ़ जाने से ट्रांसफार्मर और तार जलने, जंपर उड़ने के अलावा कई प्रकार के फॉल्ट की घटनाएं बढ़ गई हैं। लो वोल्टेज की वजह से भी लोग परेशान हैं। वहीं, अंधाधुंध भी लोगों को बेहाल कर रही है। इस 10 घंटे तक कटौती की जा रही है।
विज्ञापन

इस समय जिले में 403 एमवीए (मेगा वोल्ट एंपीयर) बिजली की प्रतिदिन खपत हो रही है। सामान्य दिनों में 300 एमवीए प्रतिदिन खपत होती है। गर्मी के चलते 100 एमवीए की मांग बढ़ने से अंधाधुंध कटौती करने के साथ फाल्ट भी बढ़ गए हैं। मंगलवार को नगर के कई क्षेत्रों में पांच घंटे तक बिजली कटी रही। पथरहिया स्थित विकास भवन में की बिजली आपूर्ति सुबह 10 बजे ठप हो गई तो तीन बजे आई। इसके अलावा भरुहना, पीलीकोठी, घंटाघर, वासलीगंज समेत कई मोहल्लों में सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली की कटौती हुई। मंडल मुख्यालय होने के कारण नगर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का निर्देश है लेकिन मनमाना कटौती की जा रही है। वहीं, ग्रामीण इलाकों में 8 से 10 घंटे बिजली काटी जा रही है। विद्युत वितरण मंडल मिर्जापुर के अधीक्षण अभियंता रामदास ने बताया कि विद्युत आपूर्ति सामान्य है। फाल्ट व शटडाउन की वजह से कटौती होती है, लेकिन आपूर्ति में कोई समस्या नहीं है।

रोज जल रहे 25 से 30 ट्रांसफार्मर
भीषण गर्मी के कारण जिले में रोज 25 से 30 ट्रांसफार्मर जल रहे हैं। वर्कशाप के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि वर्कशाप में 250 ट्रांसफार्मर तैयार रखे हुए हैं। 10 केवीए से लेकर 25 केवीए के छोटे ट्रांसफार्मर ही ज्यादा जलते हैं। जिले में कुल 44500 ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इस समय वर्कशाप व स्टोर में 250 ट्रांसफार्मर तैयार रखे हुए हैं ताकि ट्रांसफार्मर बदलने में कोई समस्या न आए।
विज्ञापन


धू-धूकर जला ट्रांसफार्मर
कछवां बिजली उपकेंद्र के मंगहरा फीडर के ट्रांसफॉर्मर में सोमवार की रात आग लग गई। इससे तेज आवाज के साथ ट्रांसफार्मर धू-धूकर जलने लगा। इसके बाद तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। भीषण गर्मी में इलाके की बिजली कटने से लोग परेशान रहे। उपखंड अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि ट्रांसफाॅर्मर में आग लगने के कारण फीडर को बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। जल्द ही बिजली सप्लाई सामान्य कर दी जाएगी।


ग्रामीण क्षेत्रों में 10 से 12 घंटे तक कटौती
ग्रामीण क्षेत्रों में कब बिजली आएगी और कब चली जाएगी, इसका कोई ठिकाना नहीं है। रोज 10 से 12 घंटे तक की कटौती हो जा रही है। वहीं, लो वोल्टज की समस्या लोगों को रुला रही है। शेरवां में शिव मंदिर के पास लगा ट्रांसफाॅर्मर का फेस अक्सर उड़ जाता है। कम वोल्टेज के कारण ठीक से पंखा तक नहीं चल पाता।
जमुई में लगा ट्रांसफार्मर का हर तीसरे दिन एक फेस उड़ जाता है। ऐसे में रात में लाेग चैन से सो नहीं पा रहे। लालगंज दिन-रात कटौती से लोग बेहाल हैं। रात और दिन दोनों में अव्यवस्थित दिनचर्या है। लहंगपुर, कोठी, तेंदुआ, रेही, गगहरा, मझियार गांव के लोगों ने बिजली निगम के प्रति रोष व्यक्त किया है। जमालपुर में भी मनमाना कटौती और लो वोल्टेज की समस्या है। वहीं, अहरौरा फीडर से इमलियां चट्टी, जंगल महाल सहित अन्य पर मनमानी कटौती की जा रही है। वहीं, लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। अदलहाट क्षेत्र में भी कटौती के साथ लो वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं।

हरगढ़ फीडर की सात घंटे कटेगी बिजली
जिगना विद्युत उपकेंद्र से हरगढ़ फीडर को बांटने के लिए 11 जून और 12 जून को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक काम होना है। अधिशासी अभियंता मनीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हरगढ़ फीडर से दोनों दिन सात घंटे बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें