मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के जिगनौड़ी गांव में स्थित ईंट भट्ठे पर काम करने गए किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। भट्ठा मालिक का कहना था कि ट्रैक्टर से गिरकर उसकी मौत हुई है, पर किशोर के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है। परिजनों ने भट्ठा मालिक पर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। मांग की कि भट्ठा मालिक पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। परिजनों की मांग पर एएसपी सिटी के निर्देश पर पुलिस ने भट्टा मालिक और उसके पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के जिगनौड़ी गांव के ईट भट्ठे पर क्षेत्र के जिगनौड़ी निवासी महेंद्र (17) पुत्र घनश्याम मजदूरी करता था। इसके अलावा टेंट आदि में बिजली का काम भी करता था। रात को साइकिल से विजयपुरा गया था। वहां से 11 बजे भट्ठे पर काम करने वाले उसके साथी ने बुलाया। तो वह जिगनौड़ी गांव चला गया। देर रात भट्ठा मालिक ने परिजनों को फोन किया कि सड़क हादसे में ट्रैक्टर से गिरकर महेंद्र घायल हो गया है। परिजन वहां पहुंचे तो उसका शव ट्रैक्टर के पीछे पड़ा था। उसके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था, सिर्फ उसके पेट पर तेल लगा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या का आरोप लगाते हुए परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मुकदमा दर्ज करने की मांग की। महेंद्र के पिता घनश्याम ने आरोप लगाया कि उसका पुत्र भट्ठे पर तीन वर्ष से कार्य कर रहा था। बताता था कि भट्ठा मालिका उसकी मजदूरी नहीं दे रहे हैं। जान से मारने की धमकी देते हैं। भट्ठा मालिक पिता-पुत्र ने उसे भट्ठे पर बुलाकर हत्या कर दी। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे एएसपी सिटी संजय कुमार ने परिजनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की बात कही। मामले में देर रात पुलिस ने भट्टा मालिक सुभाष पटेल और उसके पुत्र आशीष पटेल पर हत्या और एससीएसटी का मुकदमा दर्ज किया।
एक लाख रुपये में मामला दबाने का आरोप
मिर्जापुर। परिजनों का आरोप था कि भट्ठा मलिक के प्रभाव में पुलिस मामले को रफा-दफा करने में लगी है। भट्ठा मालिक एक लाख रुपये देखकर मामले को खत्म करने की बात कह रहे हैं। पुलिस भी पैसा लेकर शांत रहने का दबाव बना रह थी।
वर्जन
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हालांकि परिजनों की तहरीर मिलने पर मामले की गंभीरता को देखते हुए भट्टा मालिक और उसके पुत्र पर हत्या और एससीएसटी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
-संजय कुमार, एएसपी सिटी