जिलाधिकारी कंचन वर्मा व पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने रविवार को लालगंज व हलिया थाना क्षेत्रों में स्थित अतिसंवेदनशील पांच मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मतदाताओं से निडर होकर मतदान करने को कहा। कहा कि कोई धमकाने या प्रलोभन देने का प्रयास करता है उसकी तत्काल शिकायत करें।
चुनाव की तारीख घोषित होने के साथ ही प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी और एसपी ने बूथों का निरीक्षण करना शुरू कर दिया है। रविवार को वह लालगंज थाना क्षेत्र के ड्रमंडगंज, भसौड़ बलाय तथा हलिया के वामी, बेलन बरौधा, रेही गांव अतिसंवेदनशील बूथों का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था व केंद्रों की स्थिति के बारे में वहां के ग्रामीणों से जानकारी ली। उनकी समस्या को सुना। लोगों से कहा कि चुनाव में किसी प्रकार का दबाव, धमकी व प्रलोभन मिले तो तत्काल पुलिस व प्रशासन को अवगत कराएं।
कहीं अवैध शराब बन रही हो या जुआ हो रहा हो तो पुलिस को अवगत कराएं। एसएमएस से सूचना दें। सूचना को पुलिस गुप्त रखते हुए आरोपी पर कार्रवाई करेगी। जिन मतदान केंद्रों पर वोटिंग का प्रतिशत कम था,वहां के लोगों से आग्रह किया गया कि अधिक से अधिक मतदान करें। किसी प्रकार की दिक्कत आती है तो सौ नंबर या मेरे सीयूजी पर फोन कर जानकारी दे सकते हैं। भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा दी गई सूचना को गुप्त रख कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने थानेदारों से क्षेत्र में चौकसी बढ़ाने को कहा।