मिर्जापुर। बीएचयू के बरकछा स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर के पशु चिकित्सा विज्ञान के छात्र शुल्क वृद्धि वापस लेने समेत अन्य मांगों को लेकर सोमवार को गेट पर भूख हड़ताल पर बैठ गए। छात्रों ने संकाय और विश्व विद्यालय प्रशासन पर भेदभाव तथा शोषण करने का आरोप लगाया।
भूख हड़हाल पर दो छात्र नरेश कुमार और रचित श्रीवास्तव बैठे हैं। नरेश ने बताया कि इंटर्नशिप का शेड्यूल समय से नहीं मिला है। इस बारे में कई बार पत्र लिखा गया, परंतु कोई जवाब नहीं आया। इंटर्नशिप में छात्र नौकरी करता है। उसे पैसा मिलता है, परंतु यहां 50 हजार रुपये एकेडमी फीस ली जा रही है। हमारी डिग्री मेडिकल की तरह होती है। मुख्य कैंपस में 26 हजार मानदेय मिला है, परंतु यहां 23 हजार दिए जा रहे हैं। उनका यह भी कहना था कि फीस में प्रतिवर्ष दो हजार रुपये टूर कराने के नाम पर लिए जाते हैं, परंतु टूर नहीं कराया गया। छात्रों को सूचना दिए बगैर फीस बढ़ा दी गई। आई कार्ड, हेल्थ कार्ड आदि भी नहीं बने हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि भूख हड़ताल पर बैठने के बाद भी कोई पूछने नहीं आया। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान नवीन भाष्कर, हिम्मत, अंकित, अतुल, सौम्या, आशीष, मनीष, आयुष आदि मौजूद रहे। पशु चिकित्सा विज्ञान के डीन प्रो. शाहिद परेवज ने कहा कि छात्र मुख्य गेट छोड़ दें। ताकि काम बाधित न हो। उनकी मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।