जिगना। विकास खंड छानबे के भटेवरा स्थित जोखूलाल पियारी देवी महाविद्यालय में शनिवार को परीक्षार्थियों ने परीक्षा का समय कम मिलने पर हंगामा किया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुुलिस ने छात्रों को किसी तरह समझा बुझाकर मामला शांत कराया। बतादें कि बीएड ,बीसीए व स्नातक कक्षाओं की परीक्षा में समय कम कर दिया गया है। कोरोना प्रोटोकाल के तहत सीसीटीवी कैमरे की नजर मे परीक्षा करायी जा रही है। शनिवार को प्रथम पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रों ने हंगामा किया। परीक्षा का समय महज डेढ़ घंटे निर्धारित होने के कारण परीक्षार्थियों ने हंगामा करते हुए कहा कि इसी समय में कापी लेने देने में 15 से 20 मिनट का समय निकल जाता है। केन्द्र व्यवस्थापक रमेश कुमार ने बताया कि परीक्षा यूनिवर्सिटी द्वारा दिए गए समय के तहत ही होगी। समय सीसीटीवी कैमरे से देखा जा सकता है। छात्रों को हंगामा करते देख केन्द्र व्यवस्थापक ने अष्टभुजा चौकी प्रभारी को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परीक्षार्थियों को समझा कर शांत कराया।