शहर कोतवाली क्षेत्र के बदलीघाट पर गंगा नहाने गया इंटर का एक छात्र सोमवार की सुबह नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से डूब गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को जाल के सहारे बाहर निकलवाने के बाद उसका पंचनामा कर परिवार को सौंप दिया।
उधर युवक की मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के खुटहां गांव निवासी अभिषेक सिंह 18 पुत्र रविंद्र सिंह इंटर कालेज का छात्र था।
इन दिनों वह देहात कोतवाली क्षेत्र के नकहरा इलाके में एक कमरा लेकर पढ़ाई कर रहा था। सोमवार को कटरा कोतवाली क्षेत्र के तुलसी चौक स्थित एक कोचिंग में सुबह छह बजे पढ़ने के लिए आया था।
कोचिंग में पढ़ने के बाद अभिषेक साथियों के साथ गंगा में नहाने चला गया। सभी छात्र सुबह करीब आठ बजे गंगा में नहा रहे थे तभी वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। जब तक घाट पर मौजूद लोग उसे बाहर निकालते तबतक वह डूब गया।
मामले की जानकारी होने पर परिवार के लोग भाग कर घटना स्थल पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से छात्र के शव को बाहर निकलवाया।