मिर्जापुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की मंगलवार को हुई गणित विषय की परीक्षा में आंतरिक उड़ाका दल ने लालगंज के बापू उपरौध इंटर काॅलेज में अनुचित साधन का प्रयोग करते पकड़े जाने पर एक छात्र को रस्टिकेट कर दिया।
जिले में मंगलवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल की गणित की परीक्षा थी। इसके लिए पहले से ही सतर्कता बरती जा रही थी। अंदेशा था कि इस परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग का प्रयास हो सकता है। इसी सतर्कता के चलते लालगंज के बापू उपरौध इंटर कॉलेज में आंतरिक उड़ाका दल ने एक परीक्षार्थी को अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए पकड़ा। उसे रस्टिकेट कर दिया गया। बापू उपरौध इंटर कॉलेज में लहंगपुर के जन चेतना इंटर काॅलेज के विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र निर्धारित है। उसी विद्यालय का एक परीक्षार्थी कागज पर त्रिकोणमिति का प्रश्न हल करके ले आया था। उसको मोड़कर उसने ऐसा कर दिया था कि पता नहीं चल रहा था, लेकिन केंद्र व्यवस्थापक डाॅ. धर्मजीत सिंह ने उसको देख लिया और अनुचित साधन के प्रयोग में रस्टीकेट कर दिया। सुबह की पाली में गणित की परीक्षा के लिए जिले में कुल 27014 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 24941 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 2017 अनुपस्थित रहे। सुबह की पाली में इंटरमीडिएट की भी व्यवसायिक विषय की परीक्षा थी। इसके लिए पंजीकृत 617 विद्यार्थियों में से 584 उपस्थित और 33 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की वाणिज्य और गृहविज्ञान की परीक्षा थी। इस परीक्षा के लिए 6218 विद्यार्थी पंजीकृत रहे। इनमें से 5947 विद्यार्थी परीक्षा में शमिल हुए और 271 अनुपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ सिंह ने बताया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों पर सतर्कता बरती जा रही है। जो भी अनुचित साधनों के प्रयोग का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।