मिर्जापुर। बिनानी महाविद्यालय में मंगलवार को संपन्न हुए छात्र संघ चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए बुधवार को छात्रों ने पहले कालेज परिसर में प्राचार्य को घेरा फिर घर जाते समय रास्ते में रोक कर धमकाया। कालेज में चौकीदार की पिटाई भी की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्राचार्य की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
बिनानी महाविद्यालय में मंगलवार को गहमागहमी के बीच मतदान और मतगणना हुई थी। रिजल्ट घोषित होने के बाद से हारे हुए छात्र धांधली का आरोप लगा रहे थे। बुधवार की दोपहर प्राचार्य डा. राजीव अग्रवाल अपने कक्ष में पहुंचे थे। इस दौरान कुछ छात्र उनके कमरे में पहुंचे और मत में हेराफेरी का आरोप लगाने लगे। छात्रों का आरोप था कि फर्जी आईडी बांट कर मतदान कराया गया। किस प्रत्याशी को कितना मत मिला और कितने मत अवैध रहे इसका रिकार्ड नहीं दिया गया। छात्र मतों के रिकार्ड संबंधी कागजात मांग रहे थे। इसके बाद प्राचार्य कालेज से निकलकर घर जाने लगे तो छात्रों ने पीलीकोठी के पास उनको घेर लिया। इस दौरान कुछ लोग पहुंचे और उनको कालेज लेकर आए। छात्रों द्वारा प्राचार्य को घेरे जाने और हंगामे को देखते हुए देहात कोतवाल अभय सिंह मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। प्राचार्य ने तीन नामजद और अज्ञात छात्रों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कालेज में घेरकर धमकाने का आरोप लगाया। देहात कोतवाल अभय सिंह ने बताया कि छात्रों ने प्राचार्य को घेर कर फर्जी आईडी कार्ड से मतदान कराने आरोप लगाया और चौकीदार की पिटाई की। प्राचार्य की तहरीर पर विरेश सिंह, सोनू चौहान, आनंद यादव समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।