संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक निजी स्कूल में पारिवारिक समस्या और अवसाद के चलते कक्षा 11 की छात्रा शनिवार को लंच के बाद कक्षा में जाते समय सीढ़ी से दूसरे मंजिल पहुंची। वहां से नीचे कूद गई।
हादसे में उसके दोनों पैर टूट गए। स्कूल प्रशासन ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे मिर्जापुर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। यहां उसका इलाज चल रहा है।
छात्रा शनिवार की सुबह जब स्कूल आई तो वह अवसाद में थी। वह साथियों से कह रही थी कि परिवार में समस्या है। वह जीना नहीं चाहती। दोपहर के समय लंच हुआ तो वह पानी लेने गई। इसके बाद कक्षा में आते समय वह सीढ़ी से नीचे कूद गई। छात्रा की सहेलियों ने उसे रुकने के लिए आवाज लगाया पर वह कूद गई थी। हादसे में पैर टूट गया। छात्रा के परिवार के सदस्यों ने जांच की मांग की।
इसके बाद शहर कोतवाली पुलिस ने जांच की। ट्रामा सेंटर जाकर छात्रा का बयान लिया। जिसमें छात्रा ने बताया कि परिवार में बहुत समस्या है। पिता नशा मुक्ति केंद्र में हैं। समस्या के चलते वह कूद कर जान देना चाह रही थी।