हलिया। मंगलवार को शाम क्षेत्र में आए आंधी और पानी ने जमकर तबाही मचाई। हवा के तेज झटको के बीच कई मकानों के टीन, छप्पर उखड़े वहीं खेत व खलिहानों में रखे गेहूं के भूसे हवा में उड़ गए।
क्षेत्र में कई कच्चे मकान धराशाई होने के साथ ही हलिया- ड्रमंडगंज मार्ग पर पेड़ गिरने से रात भर मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध रहा। जगह-जगह बिजली के तार व खंभे गिरने से रातभर बिजली व्यवस्था ठप रहा। क्षेत्र के सोनगढ़ा, बबुरा रघुनाथ सिंह, मड़वा धनावल, इंद्रवार, राजपुर, सीकटा, मतवार, खुशीयरा, बेलाही, उमरिया व गजरिया सहित दर्जनों गांव में लोगों के काफी नुकसान हुए। सोनगढ़ा गांव निवासी अमृत लाल कोल का कच्चा मकान धराशाई हो गया। हलिया-ड्रमंडगंज मार्ग में कई स्थानों पर पेड़ गिरने से पूरी रात मार्ग अवरुद्ध रहा। आंधी के दौरान अहुगी कलां गांव निवासी गायत्री प्रसाद पांडेय के मड़हे पर बिजली का तार गिरने से चपेट में आने से झुलस गए। जिनका उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।