अहरौरा। क्षेत्र के भगौतीदेई गांव से सटे घासीपुर क्षेत्र में स्थित पहाड़ी में बृहस्पतिवार को दोपहर में की गई ब्लास्टिंग के दौरान पत्थर के टुकड़े छिटक कर आबादी वाले क्षेत्र के घरों पर जा गिरे। अलग-अलग घरों में गिरे पत्थर के टुकड़े से गृहस्थी का काम कर रहीं तीन महिलाएं घायल हो गईं। मकानों के खपरैल व टिन शेड के कुछ हिस्से भी क्षतिग्रस्त हो गए। इस मामले में घासीपुर के ग्राम प्रधान शौकत अली की तहरीर पर पुलिस ने पट्टाधारक व उसके मुंशी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, ब्लास्टिंग के कारण पत्थर के टुकड़े घरों पर गिरने से नाराज ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचकर ब्लास्टिंग करने वाले कर्मियों की जमकर पिटाई की। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस पूछताछ के लिए एक युवक को पकड़कर ले गई है। ग्रामीणों का आरोप था कि खनन इलाके में एनजीटी द्वारा रोक लगाए जाने के बावजूद बिना अनुमति के घासीपुर की पहाड़ी में अवैध तरीके से बृहस्पतिवार को दोपहर में ब्लास्टिंग की गई। पत्थर के टुकड़े छिटक कर आबादी वाले इलाकों में गिरे। इससे घरों में गृहस्थी का काम कर रहीं तीन महिलाएं तैरून (40) पत्नी जुमराती, झुन्नी देवी (50) पत्नी स्व.बाले व अलीमू (35) पत्नी लाखे निवासी घासीपुर घायल हो गईं।
घरों पर छोटे-बड़े पत्थर के टुकड़े गिरने से खपरैल और टिन शेड क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर कुछ कर्मचारियों की पिटाई की। पत्थर का टुकड़ा शौकत अली, पकौड़ी बरेठा, जुमराती, सीताराम, शोभनाथ, धर्मराज सिंह, इकलाख, रज्जू, अच्छेलाल, राजनरायन, सुरेंद्र सोनकर सहित अन्य लोगों के भवनों पर भी गिरे। इस मामले की जानकारी होते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। ब्लास्टिंग में प्रयुक्त उपकरण को कब्जे में लेकर एक युवक को पकड़कर थाने ले गई। पीछे-पीछे इस घटना से नाराज ग्रामीण महिलाएं भी कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंच गईं और वहां विरोध प्रदर्शन किया। थानाध्यक्ष कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
.