मिर्जापुर। कैश वैन लूटकांड मामले में मुंबई से पकड़े गए संदिग्ध से मिर्जापुर पुलिस के बाद एसटीएफ ने भी पूछताछ की है। कई घंटे चली पूछताछ में पुलिस मुख्य आरोपियों के बारे में जानकारी लेने में जुटी रही। जो जानकारी मिली है, उस आधार पर टीमें संबंधित ठिकानों पर रवाना हो गई हैं।
बीते 12 सितंबर को कटरा कोतवाली क्षेत्र के बेलतर एक्सिस बैंक के सामने चार बदमाश कैश वैन के गार्ड जय सिंह की गोली मारकर हत्या करने के बाद 35 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। छानबीन में जुटी सर्विलांस के जरिये पासवान गैंग के एक संदिग्ध चंदन पासवान को मुंबई में पकड़कर मिर्जापुर लेकर आई है। अभी तक लूट कांड में चंदन की संलिप्तता का पता नहीं चल सका है, परंतु चंदन गार्ड को गोली मारने वाले आरोपी का रिश्तेदार बताया जा रहा है। उसी रिश्ते को देखते हुए पुलिस उससे पूछताछ कर आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। मिर्जापुर पुलिस के बाद मामले की विवेचना कर रही एसटीएफ की टीम ने भी पूछताछ की है। पूछताछ में जो भी जानकारी मिली, उसी सूचना के आधार पर टीमें बदमाशों को पकड़ने के लिए उनके ठिकानों पर रवाना हो गई हैं। एएसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जल्दी ही इस मामले का पर्दाफाश करने की कोशिश की जा रही है।