विकास खंड जमालपुर के करीब 60 अधिक गांवों में एक सप्ताह से अंधेरा पसरा हुआ है। बावजूद इसके विद्युत विभाग के अधिकारी बेपरवाह बने हैं। अंधेरे का कारण विगत दिनाें आई तेज आंधी व चक्रवात से जर्जर विद्युत पोल व तारों का जगह-जगह से टूट जाना है। ऐसे में बिजली आपूर्ति ठप होने से उमस भरी गर्मी में ग्रामीण बेहाल हो गए हैं।
ब्लाक जमालपुर के 60 से अधिक गांवों के लोग सात दिनाें से बिजली समस्या से जूझते नजर आ रहे हैं। आंधी-तूफान व चक्रवाती हवा को कौन कहे खेतों व गांव गलियों में गाड़े गए बिजली के पोल उस पर कसे तार व इंसुलेटर जर्जर अवस्था में पहुंच जाने के चलते हल्की हवा के झोंकों को भी बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति ठप हो जा रही है।
ब्लाक जमालपुर में विद्युत उपकेंद्र घरवाह, अहरौरा एवं विद्युत उपकेंद्र नरायनपुर से एचटी एवं एलटी लाइन द्वारा गांवाें में विद्युत आपूर्ति की जाती है। क्षेत्र में बाबा आदम के जमाने के लगे बिजली के खंभे व तार पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं, जिससे हवा के झाेंकों से आए दिन 33 हजार एवं 11 हजार वोल्टेज के तार जगह-जगह से टूट कर गिर जाते हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति ठप हो जाती है। खेतों में तार गिरने से अब तक किसानों की सैकड़ाें बीघे फसल भी जलकर राख हो चुकी है, बावजूद इसके विद्युत विभाग के अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं।
करीब पांच दर्जन गांवों में चक्रवाती तूफान व तेज आंधी के चलते बिजली के खंभे जहां जमींदोज हो चुके हैं, वहीं जगह-जगह तार टूटे हुए हैं, जिससे पेयजल समस्या भी गहरा गई है। विद्युत विभाग के अवर अभियंता एसके गुप्ता का कहना है कि क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों व ताराें को दुरुस्त कराया जा रहा है।