मिर्जापुर। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन तथा मुख्य विकास अधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर एक अप्रैल से शुरू हुए संचारी रोग नियंत्रण तथा 10 अप्रैल से चलाए जा रहे दस्तक अभियान की समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को लोकसभा चुनाव में मतदान से दो दिन पहले सभी बूथों पर एंटी लार्वा तथा कीटनाशकों का छिड़काव कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने एडीओ पंचायत को प्राथमिकता के आधार पर गांवों में सफाई अभियान चलाने, झाड़ियों आदि को कटवाने, तालाबों और नालियों के आसपास कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की हिदायत दी। उन्होंने निकायों के अधिशासी अधिकारियों से कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में कम से कम एक-एक फागिंग मशीन होना अनिवार्य है। अधिशासी अधिकारी प्रत्येक वार्ड की घनी बस्तियों तथा मलेरिया एवं डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में कीटनाशकों का छिड़काव सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि दस्तक अभियान के तहत सभी एडीओ पंचायत ग्राम पंचायतों तथा निकायों के अधिशासी अधिकारी वार्डों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में एक जून को मतदान होना है। मतदान से दो दिन पहले सभी मतदान केंद्रों तथा उसके आसपास एंटी लार्वा के छिड़काव तथा फागिंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को अपने क्षेत्र में हर कम से कम दो गांवों में आशा एवं आगंनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ भ्रमण करने तथा दस्तक तथा संचारी रोग अभियान के उद्देश्य, महत्व एवं बचाव के बारे में जानकारी देने को कहा। मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने ग्राम पंचायतों में टीकाकरण यात्रा निकालकर लोगों काे जागरूक करने पर जोर दिया।