नोटों के टुकड़े गंगा से निकालकर नाविकों ने नाव में रखे दिए।
नगर के नारघाट पर शुक्रवार की सुबह एक हजार और पांच सौ के दो लाख से अधिक नोट कई टुकड़ों में फेंके मिले। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने कुछ टुकड़ों को जब्त कर इसे फेंकने वाले की तलाश शुरू कर दी है। नारघाट क्षेत्र के नाविक मंगल शुक्रवार सुबह नाव चलाने पहुंचे तो गंगा में एक हजार और पांच सौ के नोटों के टुकड़े बहते दिखे। उसने टुकड़ों को समेटने की कोशिश की और सफल न होने पर साथियों को बताया तो वे भी नाव लेकर पहुंच गए और नोटों के टुकड़े निकाल कर सुुखाने लगे।
जल्दी ही यह बात पूरे शहर में फैल गई और लोग वहां पहुंचने लगे। लोगों ने कहा कि यह नगर के किसी सेठ या अधिकारी का काला धन होगा और इसे नंबर एक का न बना पाने पर इस तरह फेंक दिया है। गौरतलब है कि तीन वर्ष पूर्व जिले में इनकम टैक्स विभाग के छापे के समय भी बरिया घाट पर गंगा किनारे बोरों में अधजले नोट मिले थे। अमर उजाला ने नौ नवंबर के अंक में काले धन के खिलाफ हुए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद फिर से नोटों को गंगा में फेंके जाने की आशंका जाहिर की थी, जो सच साबित हुई।
वहीं इस बाबत पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी का कहना है कि गंगा में लगभग दो लाख रुपये मूल्य के एक हजार, पांच सौ की करेंसी के टुकड़े मिलने की सूचना थी। इनमें से कुछ टुकड़ों को जब्त कराया गया है। मामले की जांच सीओ सिटी से कराई जा रही है। पता लगाने की कोशिश होगी, किसने यहां फेंका था।