कलेक्ट्रेट परिसर में अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने मंगलवार को धान खरीद की समीक्षा की। इस दौरान उन्हें बताया गया कि अब तक 10617 किसानों से 61880 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। उन्होंने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप धान खरीद कराने का निर्देश दिया। उन्होंने मिर्जापुर व अहरौरा मंडी समिति की तरफ से लक्ष्य के अनुरूप अब तक धान खरीद नहीं करने पर सचिव से कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही लक्ष्य के अनुरूप धान खरीद में तेजी लाने का निर्देश दिया।
अपर जिलाधिकारी ने पीसीएफ के जिला प्रबंधक व एआर कोआपरेटिव को निर्देश दिया कि केंद्रों पर पड़े धान का दो दिन के अंदर उठाने कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। पीएसएस की तरफ से किसानों को सबसे कम भुगतान करने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने किसानों के बकाए का दो दिन के अंदर भुगतान कराने का निर्देश दिया।
यूपी एसएस व पीसीयू के अधिकारियों द्वारा राइस मिलों के साथ अनुबंध गारंटी की फाइल नहीं लाने पर उन्होंने नाराजी जताई। साथ ही फाइल के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को अपने स्तर से धान खरीद की समीक्षा करते रहने का भी निर्देश दिया।
बैठक में डिप्टी आरएमओ धनंजय सिंह, एआर कोआपरेटिव सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।