मिर्जापुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास चलाए जाएंगे, इसके लिए व्यवस्था की जा रही है। हालांकि क्लस्टर वाले विकास खंड के विद्यालयों में स्मार्ट क्लास पहले से ही संचालित हो रहे हैं। वर्तमान में जिले में 1806 परिषदीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं। इसमें से 1200 प्राथमिक विद्यालय, 208 उच्च प्राथमिक विद्यालय तथा 398 कम्पोजिट विद्यालय चल रहे हैं। इनमें से हलिया और पटेहरा ब्लॉक में स्मार्ट क्लास का संचालन हो रहा है। हलिया और पटेहरा ब्लॉक को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुर्बन मिशन योजना से आच्छादित किया गया है। इसलिए इन विकास खंडों में सबसे पहले स्मार्ट क्लास चलाने की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही मड़िहान व नारायणपुर विकास खंड में भी स्मार्ट क्लास चल रही है। फिलहाल जिले में 77 विद्यालयों में स्मार्ट क्लासेस चल रही हैं। इसमें सर्वाधिक 13 स्मार्ट क्लास मड़िहान विकासखंड में संचालित हैं।