मिर्जापुर। सहकारी बैंकों में ऋण वितरण व वसूली को लेकर नोडल अधिकारी व अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक उत्तर प्रदेश ने शुक्रवार को जिला सहकारी बैंक सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। अफसरों को हिदायत देते हुए कहा कि सुस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को ऋण वितरण व वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया। अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक नरेंद्र कुमार सिंह ने पीसीयू, यूपीएसएस व पीसीएफ धान क्रय एजेंसियों की खबर ली। इस दौरान धान खरीद व उठान की समीक्षा की। बैठक के बाद मंडलीय सहकारिता कार्यालय के सहायक आयुक्त देवेंद्र प्रताप सिंह को सेवानिवृत्ति होने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक तथा यूपीएसएस के प्रबंध निदेशक नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा देवेंद्र कुमार सिंह अपने नये जीवन में सहारों का सहारा बनें और जीवन के भंवर में वे किनारा बनें। संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक योगेंद्रपाल सिंह ने कहा कि सात माह का साथ सदियों के परिचय से बढ़कर कब हो गया , इसका आभास ही नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी के साथ हर जरूरत के वक्त विभाग और विभागीय अधिकारी हमेशा खड़े रहेंगे। बैठक में सहायक आयुक्त अमित कुमार पांडेय, जिला सहकारी बैंक के सचिव / महाप्रबंधक राजकुमार यादव, रणेंद्र द्विवेदी, एडीसीओ, सोनिया टंडन, अजय कुमार एडीसीओ इत्यादि ने भी सेवानिवृत्त लेखाकार को बधाई दी।
बबुरा धान क्रय केंद्र का किया निरीक्षण-मिर्जापुर। अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक तथा यूपीएसएस के प्रबंध निदेशक नरेंद्र कुमार सिंह ने शुक्रवार को छानबे क्षेत्र में धान क्रय केंद्र बबुरा का निरीक्षण किया। साथ ही अभिलेखों का निरीक्षण किया। क्रय केंद्र प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया अबतक केंद्र पर लक्ष्य 25000 क्विंटल की तुलना में 23505 क्विंटल धान की खरीद की गई है। सभी किसानों का भुगतान समय से उनके खाते में कर दिया गया है।