मिर्जापुर। टीकापुर मसारी गांव में रविवार की रात घर में बने उड़द की दाल के पकाैड़े खाने से फूड पॉइजनिंग के चलते एक परिवार के छह लोगों की हालत बिगड़ गई। उनको इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां दादी की मौत हो गई। बाकी लोग घर आ गए। घर आने पर पौत्री की हालत बिगड़ी तो उसे फिर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी भी मौत हो गई। इसके बाद बीमार पड़े तीन लोगों को निजी अस्पताल ले जाया गया। सोमवार को सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस सभी को मंडलीय अस्पताल लेकर गई। जहां इलाज के दौरान दोपहर में दादा की भी मौत हो गई।
एसडीएम सदर और सीओ सदर मौके पर पहुंचे और परिजनों से बात कर घटना की जानकारी ली। खाद्य पदार्थ की जांच के लिए नमूने भी लिए गए। टीकापुर मसारी गांव निवासी रमाशंकर बिंद के घर रविवार की रात 50 दिन पुराने तेल में उड़द के दाल पकाैड़े बने थे। इसे खाने के बाद परिवार के छह लोगों की तबीयत खराब हो गई। सभी को उल्टी होने लगी। उन्हें इलाज के लिए रात में मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान देर रात डेढ़ बजे पतिया बिंद (65) की मौत हो गई। अस्पताल में सीता कुमारी (13), रमाशंकर (40), रानी देवी (25), टेढ़ई (70), गीता (6) का इलाज किया गया। इलाज के बाद हालत में सुधार आने पर सभी घर चले आए। घर आने पर रात में सीता कुमारी की तबीयत बिगड़ने पर परिजन गांव के एक क्लीनिक ले गए। वहां हालत बिगड़ने पर निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर द्वारा जवाब दिए जाने पर मंडलीय अस्पताल ले गए। जहां डाॅक्टर ने सीता को मृत घोषित कर दिया। बीमार टेढ़ई, रानी और गीता को रमईपट्टी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया गया। उधर, मौत की सूचना मिलने पर एसडीएम सदर गुलाब चंद्र और सीओ सदर अमर बहादुर पहले अस्पताल पहुंचे। वहां बीमार लोगों से बात करने के बाद घर पहुंचे। वहां मौत के कारणों की जांच की। बीमार लोगों को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे टेढ़ई की भी मौत हो गई। रानी और रमाशंकर को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने तीनों लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सदर अमर बहादुर का कहना है कि परिवार में उड़द के दाल के पकौड़ेे बने थे। जिसे खाने के बाद छह लोग बीमार हुए। इसमें पति-पत्नी और पौत्री की मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराने के साथ ही खाद्य पदार्थ के नमूने लेकर जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।