मिर्जापुर। अदलहाट पुलिस ने शुक्रवार की रात को बड़भुईली के पास से पंचायत भवनों और अन्य स्थानों से चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए लोगों के पास से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के चोरी के सामान बरामद हुए।
यह दावा पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने शनिवार को पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन कक्ष में पत्रकारों से बातचीत के दौरान किया। उन्होंने बताया कि जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के पंचायत भवनों में हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करने का निर्देश दिया गया था। अदलहाट थानाध्यक्ष विजय चौरसिया को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग बड़भुईली के पास चोरी का सामान पिकअप पर लादकर बेचने जा रहे हैं। सूचना पर क्षेत्राधिकारी चुनार उमाशंकर के नेतृत्व में अदलहाट व अहरौरा थाने के अलावा एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने वाहनों की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पिकअप वाहन व उसके पीछे-पीछे चल रहे संदिग्ध बाइक सवारों कौशिक बिंद निवासी सिरसी थाना अलीनगर जनपद चंदौली, विशाल बिंद निवासी यशवंत सिंह का पूरा थाना पड़री, गोविंद निवासी धोबही थाना अदलहाट, गंगाराम निवासी कन्हैया का पूरा थाना पड़री, मुकेश कुमार गौंड निवासी बौरी थाना बबुरी जनपद चंदौली, कमला बिंद निवासी धपरी थाना अलीनगर जनपद चंदौली को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि पिकअप पर जनपद मिर्जापुर, चंदौली, भदोही व वाराणसी के विभिन्न पंचायत भवनों के अलावा अन्य स्थानों से चोरी के सामान बरामद हुए। इसमें विभिन्न कंपनियों की बैट्री इनवर्टर, कंप्यूटर उपकरण (मानीटर, सीपीयू, यूपीएस, की-बोर्ड, माउस, प्रिंटर मशीन, साउंड बाक्स व छोटा स्पीकर), सोलर प्लेट, गैस सिलिंडर, पानी की टंकी व कुर्सी आदि शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनका गिरोह है। जो जनपद मिर्जापुर, भदोही, चंदौली व वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में पंचायत भवनों व अन्य स्थानों से बैटरी, इनवर्टर, सोलर प्लेट, कंप्यूटर उपकरण सहित अन्य सामान चोरी करने का काम करते हैं। कुछ माह पहले मिर्जापुर के अदलहाट, चुनार, जमालपुर व अहरौरा क्षेत्र में स्थित पंचायत भवनों, प्राइमरी विद्यालयों, सामुदायिक भवनों, डाकघर सहित अन्य स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए दिन में बाइक से क्षेत्र में रेकी करते हैं। रात में योजनाबद्ध तरीके से सामान चोरी करते हैं। चोरी के सामान मौके से ले जाने और बेचने में पिकअप वाहन का इस्तेमाल करते हैं।