हलिया स्थानीय थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में शुक्रवार को हुई मारपीट में छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेज दिया है। स्थानीय थाना क्षेत्र के सोनगढ़ा गांव निवासी संतरा देवी पत्नी स्व. लाले ने तहरीर देकर बताया कि बच्चों के विवाद में गांव निवासी सुग्रीव व बबलू गाली गलौज करने लगे। मना करने पर लाठी डंडे से मारने पीटने लगे। बीच-बचाव के लिए आई बहू ममता को भी मारपीट कर घायल कर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मारपीट की दूसरी घटना बबुरा कला गांव की है। जहां बबुरा कला गांव निवासी अभिषेक मिश्रा ने तहरीर देकर बताया कि गांव के ही कैलाश मिश्रा, सचिन, रवींद्र, लवलेश उसकी भूमि पर जबरदस्ती रास्ता बना रहे थे। मना करने पर लाठी डंडे से उसे, विमला व हीरावती को मारपीट कर घायल कर दिया। दूसरे पक्ष के कैलाश ने भी अभिषेक समेत दो लोगों के खिलाफ पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस घायलों का उपचार करने के बाद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया।