जमालपुर थाना क्षेत्र के जयपट्टी, रीवां तथा गौरी गांव में सोमवार को बिजली के शार्ट सर्किट से आग लगने के चलते लगभग 600 बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल धू धू जलकर राख हो गई। घटना की खबर गावं में लगते ही अफरा तफरी मच गई। भारी संख्या मे ंलोग इकट्ठा हो गए। तुरंत पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बावजूद एक घंटे बाद पुलिस पहुंची जबकि प्रशासन का कोई अधिकारी आया ही नहीं।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से अरहर व हरे पेड़ो ंकी टहनी काटकर आग को पीट पीटकर बुझाया। इससे नाराज ग्रामीणों ने नरायनपुर- शक्तिनगर मार्ग को जाम कर दिया और जिलाधिकारी को बुलाने की मांग करने लगे। उनका कहना था कि तत्काल मुआवजे की घोषणा की जानी चाहिए। देर रात तक जाम समाप्त नहीं हुआ था। अनुमान है कि आग से 80 लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
क्षेत्र के गौरी गांव में सोमवार की पूर्वाहन 11 बजे बिजली के शार्ट सर्किट से गेहूं के फसलों में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग बुझाने के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे लेकिन हवा तेज होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। राधेश्याम चौबे का तीन बीघा, बालेश्वर चौबे का तीन बीघा, रवि शंकर का दो बीघा, मुन्नी सिंह का चार बीघा, रमेश सिंह का तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने हरी पत्ती व लाठी से पीट पीट कर किसी तरह आग बुझाया। जबतक लोगों ने आग बुझाई तबतक लगभग 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो चुकी थी। करीब चार घंटे बाद क्षेत्र के जयपट्टी व रीवा गांव में भी शार्ट सर्किट से खेतों में आग लगने की खबर आ गई। जबतक ग्रामीण मौके पर पहुंचकर आग बुझाते तबतक हवा का दबाव अधिक होने के चलते पूरा सिवान धू धू कर जलने लगा। चारों तरफ आग ही आग दिखाई दे रही थी।
भीषण आग के चलते पूरे गांव में अफरा तफरी मच गई। हजारों किसान व ग्रामीण आग बुझाने के लिए इकटठा तो हुए लेकिन सैकड़ों फीट उपर उठ रही लपटों को देखकर कोई भी व्यक्ति आग बुझाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। आग से कमला पति का छह बीघा, इंद्रजीत व कुसुम देव का दो दो बीघा, मन्नू यादव का एक बीघा, देवराज का आठ बीघा, रामदुलारी व पिंटू का दो दो बीघा, डिंपल, प्रभुनारायण, मुकुज सिंह का दो दो बीघा, हरिशचंद्र का दस बीघा, राजेंद्र व रामआसरे व गुलाब सिंह का दस दस बिस्वा, दयाशंकर यादव एक बीघा, रामधनी का दो बीघा, समेत सैकड़ों किसानों का फसल राख हो गई। विधायक अनुराग सिंह ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।